Breaking News

Banner

पशुओं को संक्रामक बीमारियों से बचाव हेतु 30 जून तक सघन टीकाकरण अभियान ।

# प्रदीप पटेल | 07 Jun, 2021

बिलासपुर। पशुधन विकास विभाग बिलासपुर द्वारा पशुओं में होने वाली भूजन्य संक्रामक बीमारियों (एचएस, बीक्यू) से बचाव हेतु 22 मई से प्रारंभ कर 30 जून तक सघन टीकाकरण कार्यक्रम चलाया जा रहा है। जिले को 3.79 लाख एचएस एवं 2.0 लाख बीक्यू टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित है, लक्ष्यानुसार टीकाकरण हेतु विकास खण्ड स्तर पर टीकाकरण दल का गठन किया गया है जो ग्राम स्तर पर घर-घर जाकर कोविड-19 के नियम के पालन करते हुए निःशुल्क टीकाकरण का कार्य कर रहें हैं। समस्त अधीनस्थ संस्थाओं को पर्याप्त मात्रा में टीकाद्रव्य उपलब्ध कराया जा चुका है।

इस अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए संयुक्त संचालक पशु चिकित्सा सेवायें बिलासपुर डाॅ. आर.के.सोनवाने के मार्गदर्शन में जिला स्तरीय टीकाकरण नियंत्रण कक्ष बनाया गया है, जिसके प्रभारी डाॅ. विरेन्द्र पिल्ले मो.नं. 7999801639 एवं सहायक बी.एम. पाण्डेय सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारी मो.नं. 9907749406 को बनाया गया है। पशु चिकित्सा विभाग के संयुक्त संचालक डाॅ. आर.के. सोनवाने ने बताया बिलासपुर जिला कृषि बाहुल्य क्षेत्र हैं, जहां पशुधन का विशेष महत्व हैं, किन्तु संक्रामक बीमारी गलघोटू, एकटंगिया बीमारी से पशुओं की मृत्यु होने की संभावना के साथ कार्यक्षमता पर प्रभाव पड़ता है, साथ ही ग्रसित पशुओं के संपर्क में आने से बीमारियों के फैलाव की आंशका बनी रहती है।

संयुक्त संचालक द्वारा समस्त संस्था प्रभारियों को टीकाकरण के पूर्व पशुओं को कृमिनाशक दवा देने के निर्देश दिये गये हैं, साथ ही टीकाकरण की तिथि के प्रचार हेतु दीवार लेखन, मुनादी कर पशु पालकों को सूचित करने के निर्देश दिये गये हैं। ताकि ग्राम के समस्त पशुओं का टीकाकरण कर कृषकों को होने वाली आर्थिक क्षति से बचाया जा सके। जिले में निर्मित गौठानों में विशेष शिविर लगाकर टीकाकरण किया जा रहा है। संयुक्त संचालक डाॅ. आर.के. सोनवाने ने समस्त पशु पालकों से टीकाकरण करवाने का अनुरोध किया है। जिले के समस्त संस्थाओं से प्रतिदिन शाम 6 बजे तक किये गये टीकाकरण की प्रगति से गूगलशीट के माध्यम से अवगत कराने निर्देश दिये गये है।