Breaking News

Banner

बाल-बाल बचे स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव, आसमान में हेलीकॉप्टर के शीशे में अचानक आई दरार ।

# प्रदीप पटेल | 31 May, 2021

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ में आज बड़ा हादसा होने से टल गया, स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव हेलीकॉप्टर से सूरजपुर जिले के धरसेढ़ी दौरे पर जा रहे थे, तभी आसमान में अचानक उनके हेलीकॉफ्टर की कांच में दरार आ गई, लेकिन पायलट की सूझबूझ के चलते बड़ी घटना होने से बच गई, जिससे सभी लोग बाल-बाल बच गए। ये घटनाक्रम उस वक्त हुआ, जब स्वास्थ्य मंत्री सिंहदेव सूरजपुर के दौरे पर थे। स्वास्थ्य मंत्री सिंहदेव आज दोपहर बाद सूरजपुर के ओड़गी स्थित धरसेड़ी गांव गये थे।

जहां, कल शाम एक बड़ा हादसा हुआ था। एक निर्माणाधीन कुंआ धंसने से तीन लोगों की मौत हो गयी थी। आज स्वास्थ्य एवं पंचायत मंत्री सिंहदेव उसी पीड़ित परिवार से मिलने गये थे। राज्य सरकार के जिस हेलीकाप्टर से सिंहदेव धरसेड़ी गांव गये हुए थे, वापसी के दौरान उस हेलीकाप्टर का शीशा क्रेक हो गया। हालांकि इस घटनाक्रम में किसी को कुछ भी आंच नहीं आयी। स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने बताया कि हेलीकॉप्टर का कांच फट गया था, हवा में हिल रहा था। लैंड करने के बाद पायलट ने उन्हें इसकी जानकारी दी, पायलट की तरफ कांच धीरे-धीरे फट रहा था। कांच में मकड़ी के जाल की तरह निशान बन गए थे,  फिलहाल कोई हादसा नहीं हुआ है।

कपड़े से बांधकर रखा गया हेलीकॉप्टर

इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव के निज सचिव और सफी अहमद उनके साथ मौजूद थे। घटना के बाद हेलीकॉप्टर को मैदानी इलाके में खड़ा कर दिया गया है, उसके सामने के हिस्से को कपड़े से बांध कर रखा गया है। पंखियों को भी कपड़े से बांधा गया है, जिससे किसी प्रकार का कोई नुकसान हेलीकॉप्टर को न पहुंचे ।

CM ने दिए जांच के निर्देश, मंत्री सिंहदेव को फोन कर पूछा हाल

CM भूपेश बघेल ने आज सूरजपुर जिले के भैयाथान में लैंडिग के दौरान हेलीकॉप्टर का शीशा टूटने की घटना की जांच के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस घटना की जानकारी मिलते ही हेलीकॉप्टर से भैयाथान पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री टी.एस. सिंहदेव से दूरभाष पर चर्चा कर उनका कुशलक्षेम पूछा। राज्य शासन के निर्देश पर हेलीकॉप्टर के चीफ पायलट और विमानन विभाग के अतिरिक्त संचालक इस पूरी घटना के विभिन्न पहलुओं की जांच कर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे।